राज्यसभा चुनाव
भाजपा ने राजेंद्र गहलोत के साथ ओंकार सिंह लाखावत को भी मैदान में उतारा, कांग्रेस के वेणुगोपाल, नीरज डांगी ने भरा पर्चा
जयपुर। भाजपा ने अंतिम क्षणों में चौकाते हुए राज्यसभा चुनाव में राजेंद्र गहलोत के साथ ओंकार सिंह लाखावत को भी चुनाव मैदान में उतार दिया। वहीं राजेंद्र गहलोत और कांग्रेस के उम्मीदवारों केसी वेणुगोपाल और युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नीरज डांगी ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। भाजपा के दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारने से मुकाबला रोचक हो गया है। प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार को प्रत्याशियों की घोषणा की थी।
पर्चा भरने के बाद राजेंद्र गहलोत ने कहा, साधारण कार्यकर्ता को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाने पर मैं पार्टी नेतृत्व का आभार प्रकट करता हूं। प्रदेश में पानी की किल्लत के समाधान के लिए काम करूंगा। मध्यप्रदेश में आए राजनीतिक संकट के बारे में उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के नेता वंशवाद की राह पर चल रहे हैं उस पार्टी में किसी के लिए कुछ करने को नहीं है इसलिए वे कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं।
कांग्रेस ने संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नीरज डांगी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र गहलोत को चुनाव मैदान में उतारा था। भाजपा ने बुधवार को पूर्व मंत्री राजेंद्र गहलोत को प्रत्याशी घोषित किया था।
राजेंद्र गहलोत का किया गया स्वागत
पर्चा भरने से पहले राजेन्द्र गहलोत का प्रदेश कार्यालय पर स्वागत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष सतीतश पूनिया ने राजेंद्र गहलोत का मुंह मीठा कराया। इस मौके पर संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी नेताओं ने गहलोत को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।