आयुर्वेद कार्मिकों के वेतनमान एवं सेवा नियमों में एकरूपता हो - सांसद बोहरा                

सांसद बोहरा ने लोकसभा में आयुर्वेद कार्मिकों के वेतनमान एवं सेवानियमों में एकरूपता लाने के लिए सदन का ध्यान आकर्षित किया।


आयुर्वेद कार्मिकों के वेतनमान एवं सेवा नियमों में एकरूपता हो - सांसद बोहरा            
जयपुर सांसद रामचरण बोहरा ने लोकसभा में आयुर्वेद शिक्षा और अनुसंधान संस्थान विधेयक 2020 परिचर्चा में भाग लेकर आयुर्वेद कार्मिकों के वेतन एवं सेवानियमों में एकरूपता लाने के लिए सदन का ध्यान आकर्षित किया। सांसद बोहरा ने संसद में सभापति के माध्यम से आयुर्वेद चिकित्सकों, नर्सिंगकर्मियों एवं अन्य कार्मिकों के वेतनमान एवं अन्य सेवा नियमों में संशोधन कर एकरूपता लाने की मांग की।
सांसद बोहरा ने माननीय प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में आयुर्वेद के महत्व को समझते हुए अलग मंत्रालय की स्थापना की, जिससे पिछले 06 वर्षों में आयुर्वेद के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य हुए हैं एवं अनेक आयुर्वेद संस्थाओं की स्थापना हुई है।
सांसद बोहरा ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति ही उपचार की ऐसी पद्धति है जिसका कोई दुष्प्रभाव नहीं होता है। आयुर्वेद का जनक हमारा देश है जिस चिकित्सा पद्धति को आज अनेक देश उपचार में अपना रहे हैं। आज आवश्यकता है कि आयुर्वेद संस्थाओं में अधिक शोध के संसाधन उपलब्ध कराये जाए, ताकि आने वाले समय में हर असाध्य रोग का उपचार भी आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के माध्यम से हो।