जवाहर कला केंद्र में शास्त्रीय संगीत सभा 17 को

जयपुर। नाद साधना संगीत संस्थान तथा जयपुर महाराष्ट्र मंडल के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार दिनांक 17 फरवरी को सायं 6.30 बजे जवाहर कला केंद्र के कृष्णायन सभागार में शास्त्रीय संगीत सभा का आयोजन किया जा रहा है। शास्त्रीय संगीत की इस बैठक श्रृंखला का आरम्भ मुंबई से पधारी अमृता कुलकर्णी के सितार वादन से होगा। सितार प्रस्तुति के बाद "वाद्य संगीत में बंदिश " विषय पर प्रस्तुतीकरण भी होगा। जिसमे प्राचीन काल से अभी तक वाद्य संगीत, विशेष रूप से सितार में बजाई जाने वाली बंदिशों पर चर्चा एवं प्रस्तुति होगी। पद्मभूषण पंडित अरविन्द पारीख की शिष्या अमृता कुलकर्णी इटावा घराने की बहुत प्रतिभावान सितार वादिका हैं। आप सिविल अभियंता भी हैं। कार्यक्रम की दूसरी प्रस्तुति इंदौर से आये पंडित शशिकांत ताम्बे द्वारा शास्त्रीय गायन के रूप में होगी। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शशिकांत ताम्बे महाराष्ट्र का नाट्य संगीत भी प्रस्तुत करेंगे, जो की उनकी विशेषता है। उस्ताद रज़ब अली खान की परंपरा से ताल्लुक रखने वाले शशिकांत आकाशवाणी और दूरदर्शन के A ग्रेड कलाकार हैं तथा राष्ट्रीय व् अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ठ पहचान रखते हैं। आपके साथ तबले पर जयपुर के उस्ताद निसार हुसैन तथा हारमोनियम पर श्री गिरिराज बालोदिया संगत करेंगे।